
Written by
Dilip Singh Gour Bureau
पहले चरण में बड़ी सफलता: 5,688 आवासों की जियो-टैगिंग, 525 हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान
रतलाम, 28 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अपने सपनों का घर बनाने वाले हितग्राहियों के लिए राहत भरी खबर है। जिला पंचायत रतलाम द्वारा आयोजित ‘प्रधानमंत्री आवास समाधान कैंप’ के पहले चरण को शानदार सफलता मिलने के बाद अब 27 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक जिले की सभी जनपद पंचायतों में दूसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है।
13 से 17 जुलाई तक चले पहले चरण में प्रशासन ने रिकॉर्ड स्तर पर कार्य करते हुए 5,688 आवासों की जियो-टैगिंग पूरी की। इनमें द्वितीय किस्त के लिए 2,483, तृतीय किस्त के लिए 2,322 तथा 883 पूर्ण आवासों की टैगिंग शामिल रही।
समस्याओं के निराकरण में भी प्रशासन की सक्रियता देखने को मिली। कुल 615 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 525 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर लगभग 85 प्रतिशत सफलता हासिल की गई।
पुराने लंबित मामलों में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई। वर्ष 2016-17 से 2021-22 तक के लंबित प्रकरणों में 20 आवास पूर्ण कराए गए, जबकि 12 ‘ए’ श्रेणी के आवासों का निर्माण भी पूरा कराया गया।
दूसरे चरण में क्या मिलेगा लाभ ?
27 से 31 जुलाई तक आयोजित होने वाले समाधान कैंप में हितग्राहियों को—
– लंबित किस्तों का त्वरित निराकरण
– दस्तावेजों की त्रुटियों में सुधार

– डीबीटी एवं बैंक संबंधी समस्याओं का समाधान
– आधार व समग्र आईडी की विसंगतियों का निराकरण
– पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड में सहायता
– आवास की स्थिति का सत्यापन
– पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति एवं किस्त संबंधी जानकारी
जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
कैंप में ये दस्तावेज जरूर लाएं
हितग्राही अपने साथ समग्र परिवार आईडी, आधार कार्ड, बैंक/डाकघर पासबुक, आधार से लिंक मोबाइल नंबर तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर आएं, ताकि उनके लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे समाधान कैंप का अधिकतम लाभ उठाकर अपने आवास से जुड़े सभी लंबित कार्य समय पर पूर्ण कराएं।
👁️ 156 Views










