
Written by
Dilip Singh Gour Bureau

रतलाम, 25 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद में 85 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत प्रत्येक माह की 9 एवं 25 तारीख को जिले के विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिंगनोद में चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक शर्मा के नेतृत्व में गर्भवती महिलाओं की गर्भावस्था संबंधी आवश्यक चिकित्सीय जांच की गई। शिविर में महिलाओं का टिटनेस टीकाकरण, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर परीक्षण किया गया।
साथ ही गर्भवती महिलाओं को आयरन-फोलिक एसिड एवं कैल्शियम की गोलियों का वितरण किया गया तथा सुरक्षित मातृत्व, संतुलित आहार, नियमित जांच और गर्भावस्था के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श भी प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं से निर्धारित तिथियों पर नियमित जांच कराने की अपील की है।
👁️ 102 Views










