
Written by
Dilip Singh Gour Bureau
संयुक्त टीमों का गठन, स्कूल-कॉलेजों से लेकर औद्योगिक क्षेत्रों तक कड़ी निगरानी, अवैध कारोबारियों पर होगी लगातार कार्रवाई
रतलाम, 30 जुलाई 2026। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अब प्रशासन ने पूरी ताकत से शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। कलेक्टर भवन सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध नेटवर्क किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अब ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि संयुक्त टीमें बनाकर नियमित जांच अभियान चलाए जाएं, रोड पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और हर संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
प्रशासन ने स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। औद्योगिक क्षेत्रों की भी लगातार निगरानी की जाएगी ताकि नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
औषधि निरीक्षक को लगातार जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने तथा जिला शिक्षा अधिकारी को शैक्षणिक संस्थानों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवैध ढाबों पर सख्त कार्रवाई और “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान को जन-जन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
स्पष्ट संदेश
नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब चेतावनी साफ है—कानून से बचना आसान नहीं होगा। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👁️ 56 Views











