
Written by
Dilip Singh Gour Bureau
खेत में मिले बाल, उखड़ी खुटिया और बिजली के तार… दो आरोपी गिरफ्तार
रतलाम। नीलगाय की संदिग्ध मौत के मामले में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने डॉग स्क्वाड की मदद से जांच की तो कथित शिकार से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए।वन विभाग के अनुसार, 20 सितंबर को नीलगाय की मृत्यु की सूचना मिली थी। जांच के दौरान एवरिया के समीप राजस्व क्षेत्र में नीलगाय के बाल, खेत की मिट्टी में चिपके बाल, उखड़ी हुई खुटिया और विद्युत तार बरामद हुए। इन सामग्रियों को वन विभाग ने जब्त कर जांच में शामिल किया।
वन्यजीव चिकित्सक द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में नीलगाय के पिछले हिस्से पर चोटें मिलीं। विभाग के अनुसार, बाद में कुत्तों द्वारा शव के कुछ हिस्से को खाए जाने की बात भी सामने आई।
मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज कर विजय निनामा (29), निवासी खाकरापाड़ा और कैलाश भवर (44), निवासी सेवरिया को गिरफ्तार किया गया है। अब वन विभाग की जांच इस बात पर केंद्रित है कि नीलगाय की मौत की पूरी घटना कैसे हुई और इसमें और कौन-कौन शामिल हैं।
👁️ 234 Views








