
देवरिया, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अजहर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, भाटपाररानी थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिलने के बाद चनुकी मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर मौके से भाग निकला।
सूचना मिलते ही लार थाना पुलिस को अलर्ट किया गया। दोनों थानों की संयुक्त टीम ने खरवनिया मोड़ के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़ा।
पुलिस का कहना है कि गिरने के बाद आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग की। इसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में उसकी पहचान अजहर अंसारी पुत्र अहमद अंसारी निवासी मटियरा जगदीश, थाना लार के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और स्प्लेंडर बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज थे। गिरफ्तारी से बचने के कारण उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अब पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।










