
रतलाम। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट अश्विनी परांजपे राजावड़े की सहमति से जारी संगठनात्मक नियुक्तियों में श्रीमती क्रांति जोशी को ग्वालियर संभाग महिला मोर्चा प्रभारी नियुक्त किया गया है।
क्रांति जोशी वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी रतलाम जिला उपाध्यक्ष के पद पर सक्रिय रूप से संगठन में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। वे लंबे समय से सक्रिय राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ी हुई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उनकी कुशल नेतृत्व क्षमता, संगठन के प्रति सक्रियता और कार्यकर्ताओं से बेहतर समन्वय के लिए पहचान है।

ग्वालियर संभाग जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी मिलने के बाद संगठन में उनकी भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। माना जा रहा है कि उनके संगठनात्मक अनुभव और कुशल नेतृत्व से संभाग में महिला मोर्चा की गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।क्रांति जोशी की नियुक्ति पर भाजपा महिला मोर्चा एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि वे नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।










