
राजगढ़। नगर पालिका परिषद राजगढ़ में बायोमेट्रिक मशीन क्रय एवं निर्माण कार्यों से संबंधित अनियमितताओं की शिकायतों के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन अवस्थी के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि श्री अवस्थी के विरुद्ध निकाय अंतर्गत बायोमेट्रिक मशीन क्रय करने तथा निर्माण कार्यों संबंधी अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों के क्रम में प्रशासनिक सुविधा एवं निष्पक्षता को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से संभागीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, भोपाल संभाग में अस्थायी रूप से संलग्न किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस अवधि में उनका वेतन आहरण नगर पालिका परिषद राजगढ़, जिला राजगढ़ से ही होगा। आदेश तत्काल प्रभावशील रहेगा।
कार्रवाई के बाद नगर पालिका में बायोमेट्रिक मशीन की खरीदी और निर्माण कार्यों से जुड़ी शिकायतों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब इन शिकायतों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
आदेश जारीकर्ता: संकेत एस. भोंडवे, आयुक्त, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मध्यप्रदेश, भोपाल।









