
Written by
Dilip Singh Gour Bureau
कलेक्टर अजय कटेसरिया ने पुलिस, आबकारी, एनसीबी और संबंधित विभागों को समन्वय से कार्रवाई के दिए निर्देश
रतलाम, 21 सितंबर 2026। जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री तथा नशीली दवाओं के दुरुपयोग की रोकथाम को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस, आबकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस तथा एनसीबी द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने औषधि निरीक्षक को नशीली दवाओं के अवैध उपयोग एवं बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सीबीएन, एनसीबी, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार कार्रवाई करें। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी के संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां निरंतर निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर ने उपलब्ध कानूनी प्रावधानों, जिसमें सफेमा अधिनियम भी शामिल है, के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशीले पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार को रोकने के लिए विभागीय स्तर पर सतत निगरानी और समन्वित कार्रवाई आवश्यक है।
स्कूलों में चलेगा नशामुक्ति जागरूकता अभियान
नशे के दुष्प्रभावों से युवाओं और विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए स्कूलों में नशामुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर ने आरटीओ विभाग को बसों में नशामुक्ति संबंधी फ्लेक्स एवं बैनर लगाने के निर्देश दिए, ताकि सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भी नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
प्रशासन की इस पहल से जिले में नशे के अवैध कारोबार पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ युवाओं एवं आमजन में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता बढ़ाने की दिशा में प्रयास तेज होने की उम्मीद है।
👁️ 28 Views











