
Written by
Dilip Singh Gour Bureau

रतलाम, 28 जुलाई। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने सैलाना और रावटी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत ढाबों और किराना दुकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिससे अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त विकास मंडलोई के मार्गदर्शन एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखर्जी नगर, नायन बीड़, चैनपुरा, सेमलखेड़ी सहित आसपास के क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे एवं पुष्पराज चौहान ने 25 पाव देशी प्लेन मदिरा, 14 केन माउंट बीयर, 13 केन लिमाउंट बीयर तथा 25 लीटर हाथ भट्टी शराब जब्त की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत ₹10,670 बताई गई है। आबकारी विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत 6 प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान में प्रधान आरक्षक रामचरण पवार एवं नगर सैनिक नरेंद्र सिंह भाटी की भी सक्रिय भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👁️ 25 Views










