
Written by
Dilip Singh Gour Bureau

मुनिसुव्रत तप महोत्सव का समापन, शासन माता पूजन के बाद निकला चल समारोह
सैलाना। श्री सैलाना जैन मूर्तिपूजक श्रीसंघ में मुनिसुव्रत तप की 40 दिवसीय आराधना की पूर्णाहुति पर आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का शनिवार को धार्मिक उल्लास के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन साध्वीवर्या श्री चारूदर्शा श्रीजी म. सा., श्री विधिता श्रीजी म. सा. एवं श्री प्रभूता श्रीजी म. सा. की निश्रा में शासन माता पूजन, तपस्वियों का चल समारोह, धर्मसभा, पारणा एवं बहुमान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नगर के दोनों जिन मंदिरों में शासन माता पूजन से हुई। साध्वीश्री के सानिध्य में विधि-विधान से पूजन कर आभूषण अर्पित किए गए। पूजन का लाभ सम्पतबाई शांतिलालजी चण्डालिया परिवार ने लिया। इसके बाद ढोल की गूंज के साथ तपस्वियों एवं श्रीसंघ के सदस्यों का चल समारोह निकाला गया। धार्मिक वातावरण में निकला यह समारोह जैन धर्मशाला पहुंचा, जहां तपस्वियों के पारणा एवं बहुमान से पूर्व धर्मसभा आयोजित की गई।
– तप आत्मशुद्धि का मार्ग
धर्मसभा में साध्वीश्री ने तप की महिमा बताते हुए कहा कि तप केवल शरीर को साधने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मा के उत्थान और आत्मशुद्धि का मार्ग है। तप के माध्यम से व्यक्ति अपनी इच्छाओं एवं विकारों पर नियंत्रण प्राप्त कर जीवन को आध्यात्मिक दिशा प्रदान कर सकता है। तपस्वियों की आराधना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
प्रवचन के पश्चात 48 तपस्वियों का श्रीसंघ की ओर से अभिनंदन एवं बहुमान किया गया। इसके बाद विधिवत पारणा कराया गया। पारणा का लाभ श्री रामलालजी, संजयजी एवं तरुणजी बाफना बोदिना परिवार ने लिया।

भक्ति संध्या में गूंजे जिन स्तवन
महोत्सव की पूर्व संध्या पर प्रभु जिन भक्ति का आयोजन किया गया। संगीतकार वैभव सियार एवं नगर की उभरती बाल प्रतिभा तन्मय परिहार ने अरिहंत परमात्मा के स्तवन प्रस्तुत किए। भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु प्रभु आराधना में लीन रहे।
आयोजन में चातुर्मास समिति अध्यक्ष प्रियंक चण्डालिया, राजेश चण्डालिया, इंद्रेश चण्डालिया, तरुण बाफना, पवन चण्डालिया, विकास चण्डालिया, अंकुर चण्डालिया, अंकित कोठारी, पंकज चण्डालिया, निर्मल कोठारी, आकाश भंडारी, यश चण्डालिया, हर्ष मेहता, अपूर्व नाहटा सहित श्रीसंघ के अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वैभव जैन ने किया तथा आभार शुभम मेहता ने माना।
👁️ 78 Views










