
Richfield, Utah
अमेरिका के पश्चिमी राज्यों में जंगलों में लगी भीषण आग के बीच राहत और बचाव अभियान के दौरान दो गंभीर हादसे हुए हैं। यूटा में आग बुझाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा सिकोरस्की एस-64 स्काईक्रेन हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में दो लोग सवार थे। शुक्रवार शाम तक दोनों के बारे में कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई थी। दूसरी ओर, ओरेगन में जंगल की आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान एक बुलडोजर ऑपरेटर की मौत हो गई।
यूटा में हेलीकॉप्टर दुर्घटना मध्य यूटा के रिचफील्ड इलाके के पास हुई। यह स्थान साल्ट लेक सिटी से करीब 258 किलोमीटर दक्षिण में है। हेलीकॉप्टर 27 जुलाई को बिजली गिरने के बाद शुरू हुई आग को बुझाने के अभियान में शामिल सात विमानों में से एक था।
ग्रेट बेसिन इंसिडेंट मैनेजमेंट टीम के अधिकारी टायलर हेचट ने बताया कि दुर्घटना के समय उड़ान के लिए परिस्थितियां सामान्य थीं। हेलीकॉप्टर खड़ी ढलान वाले इलाके में आग बुझाने का काम कर रहा था। दुर्घटना के बाद मौके पर एक और आग भड़क गई।
आग के कारण बचाव अभियान में देरी
दुर्घटना के बाद मलबे तक पहुंचने में बचाव दल को काफी परेशानी हुई। इलाके में आग की लपटें और कठिन भू-भाग होने के कारण शुक्रवार शाम तक टीम वहां नहीं पहुंच पाई थी। सेवियर काउंटी के शेरिफ नाथन कर्टिस ने कहा कि बचावकर्मियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तुरंत जोखिम वाले क्षेत्र में नहीं भेजा गया।
हादसे के बाद आग बुझाने का अभियान कुछ समय के लिए रोक दिया गया, लेकिन बाद में इसे दोबारा शुरू कर दिया गया। दुर्घटना की जांच नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन करेंगे।
ओरेगन में बुलडोजर ऑपरेटर की मौत
ओरेगन में राइट्स स्प्रिंग की आग ने भी अभियान में लगे कर्मचारियों के लिए गंभीर खतरा पैदा किया। गुरुवार को 47 वर्षीय बुलडोजर ऑपरेटर जेसन एनसाइन की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आग बहुत तेजी से फैलने के कारण उनका बच निकलने का रास्ता बंद हो गया था।
यह आग चिलोक्विन शहर के पूर्व में बुधवार को शुरू हुई थी। शुक्रवार तक यह करीब 36 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैल गई थी और इस पर कोई नियंत्रण नहीं पाया जा सका था।
427 वर्ग किलोमीटर में फैली आग
यूटा के कानोश समुदाय के पास फिशलेक नेशनल फॉरेस्ट में लगी आग शुक्रवार सुबह तक करीब 427 वर्ग किलोमीटर में फैल चुकी थी। अधिकारियों के मुताबिक आग पर केवल 19 प्रतिशत नियंत्रण पाया जा सका था और 600 से ज्यादा अग्निशमन कर्मी इसे बुझाने में जुटे थे।
अत्यधिक गर्मी, सूखा, तेज हवाएं और बारिश की कमी ने पश्चिमी अमेरिका में जंगल की आग की स्थिति को और गंभीर बना दिया है। अधिकारियों ने इलाके में रेड फ्लैग चेतावनी भी जारी की थी।










