
Written by
Dilip Singh Gour Bureau

– सात दिवसीय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ में उमड़ेगा धर्म और भक्ति का सैलाब
गरौठ (दैनिक दुनिया / विशेष संवाददाता)। निकटवर्ती ग्राम देवरिया की नई आबादी आगामी दिनों में धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना से सराबोर होने जा रही है। परमात्मा की असीम कृपा एवं भक्तों के सहयोग से यहां 1 सितम्बर से 7 सितम्बर तक सात दिवसीय भव्य ‘श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है। संगीतमय वातावरण में होने वाले इस धार्मिक आयोजन में परम पूज्य श्री केशवशरण जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत के गूढ़ रहस्यों, भगवान की लीलाओं और भक्ति मार्ग का रसपान कराएंगे।
कथा के दौरान प्रतिदिन भक्ति गीतों, भजनों एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के बीच भगवान की दिव्य लीलाओं का वर्णन होगा। आयोजकों को उम्मीद है कि कथा में आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। सात दिनों तक देवसरिया का वातावरण धर्ममय और भक्तिमय बना रहेगा।
कलश यात्रा से होगा शुभारंभ
श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ 1 सितम्बर को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कथा स्थल पर भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा।
विशेष आयोजनों से सजेगा कथा सप्ताह
आयोजन के दौरान कई विशेष धार्मिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे—
– 1 सितम्बर: प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ कथा का शुभारंभ।
– 4 सितम्बर: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, विशेष झांकी एवं भजन संध्या।
– 6 सितम्बर: भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मणी विवाह प्रसंग का भव्य मंचन।
– 7 सितम्बर: पूर्णाहुति, हवन एवं विशाल महाप्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन।
– दोपहर से शाम तक गूंजेगी भागवत कथा
कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ग्राम देवसरिया की नई आबादी स्थित कथा स्थल पर किया जाएगा। कथा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से लेकर धर्म, कर्म, भक्ति और जीवन के आध्यात्मिक संदेशों से परिचित कराया जाएगा।
धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
आयोजन के संयोजक कमलेश मालवीय एवं समस्त मालवीय मेहर समाज, भक्त मंडल एवं ग्रामवासियों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं, बहनों एवं युवाओं से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया है। आयोजकों ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मनुष्य को सत्य, धर्म, संस्कार और सद्मार्ग की ओर ले जाने वाला आध्यात्मिक अवसर है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे परिवार सहित कथा स्थल पर पहुंचकर भागवत कथा श्रवण का पुण्य लाभ लें तथा तन, मन और धन से सहयोग प्रदान कर इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।

👁️ 75 Views










