
नई दिल्ली, दिल्ली
स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय वायु सेना का बैंड राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर विशेष संगीतमयी प्रस्तुति देगा। दिल्ली स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के परम योद्धा स्थल के पब्लिक प्लाजा में यह कार्यक्रम 9 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, वायु सेना का बैंड शाम 5 बजे से 6 बजे तक प्रस्तुति देगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सार्वजनिक सहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना है।
इस विशेष कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना के 32 वायु सैनिक और 8 अग्निवीर वायु हिस्सा लेंगे। टीम में तीन महिला अग्निवीर वायु भी शामिल हैं। वायु सेना के जवान संगीत के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के उत्सव और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर को खास बनाएंगे।
कार्यक्रम की कमान मास्टर वारंट ऑफिसर ए. श्रीहरी संभालेंगे। उनके साथ जूनियर वारंट ऑफिसर मून डेका, जूनियर वारंट ऑफिसर अभिषेक पाल और सार्जेंट एनटी सिंह सहयोग करेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस कार्यक्रम को आम जनता की सहभागिता से राष्ट्रीय गौरव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। राष्ट्रीय युद्ध स्मारक देश के उन वीर सैनिकों की स्मृति को समर्पित है, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए। ऐसे महत्वपूर्ण स्थल पर वायु सेना बैंड की प्रस्तुति स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रमों में शामिल है।
‘वंदे मातरम्’ का भारतीय राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में विशेष स्थान रहा है। इसके 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय वायु सेना की यह प्रस्तुति राष्ट्रीय गीत की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित करेगी।
इस आयोजन में वायु सेना के नियमित जवानों के साथ अग्निवीर वायु की भागीदारी भी खास है। तीन महिला अग्निवीर वायु की मौजूदगी सैन्य क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाती है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय पर्व से जोड़ना और सार्वजनिक स्थान पर देशभक्ति तथा राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करना है। शाम के समय होने वाली यह प्रस्तुति राष्ट्रीय युद्ध स्मारक आने वाले लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।










