
Written by
Dilip Singh Gour Bureau

सभी जिला अधिकारी ई-ऑफिस का सुव्यवस्थित संचालन करें
रतलाम 8 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शनिवार को कलेक्टर कार्यालय सभागार में जिले के सभी जिला अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि रतलाम जिला उद्यानिकी के क्षेत्र में प्रदेश का एक प्रगतिशील जिला है। यहां उद्यानिकी फसलों का व्यापक उत्पादन होता है तथा अंगूर की खेती जिले की विशेष पहचान है। उन्होंने कहा कि जिले में दूध उत्पादन एवं डेयरी विकास की भी अपार संभावनाएं हैं, जिनका लाभ किसानों और पशुपालकों को दिलाने के लिए संबंधित विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।
कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की सराहना की। इस दौरान उन्हें ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी गई।
उन्होंने जिला रोजगार अधिकारी को युवा संगम कार्यक्रम के प्रभावी आयोजन के साथ-साथ कौशल विकास एवं युवाओं के रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को हितग्राहीमूलक योजनाओं के अधिक से अधिक प्रकरण तैयार कर लीड बैंक मैनेजर के माध्यम से स्वीकृत कराने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
जल निगम एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी को जिले के सभी शासकीय बैंक खातों एवं उनमें उपलब्ध राशि की जानकारी लीड बैंक मैनेजर के समन्वय से एकत्रित कर प्रस्तुत करने को कहा गया।
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि ई-ऑफिस प्रणाली का सुव्यवस्थित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें। यदि संचालन में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आती है तो तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसका शीघ्र निराकरण किया जा सके। उन्होंने न्यायालयों में लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
👁️ 26 Views










