
Written by
Dilip Singh Gour Bureau

20 शिक्षक प्रतिभागियों ने प्रस्तुत की अपनी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा
सैलाना। शिक्षकों की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिक्षक सांस्कृतिक मंच, तहसील शाखा सैलाना द्वारा गीत गायन एवं कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े 20 शिक्षक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि साहित्यकार दिनेश बारोठ तथा विशेष अतिथि मंच के संरक्षक डॉ. मुनींद्र दुबे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड स्रोत समन्वयक नरेंद्र पांसी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मंच के तहसील अध्यक्ष डॉ. रविंद्र उपाध्याय ने बताया कि शिक्षकों ने पूरे उमंग, उल्लास और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। मंच पर प्रतिभागियों ने अपनी विलक्षण प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने सराहा।
मंच के संरक्षक एवं विशेष अतिथि डॉ. मुनींद्र दुबे ने कहा कि शिक्षक सांस्कृतिक मंच क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाओं की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी संकल्पित है। उन्होंने अधिक से अधिक शिक्षक साथियों से मंच की गतिविधियों में सहभागिता करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि साहित्यकार दिनेश बारोठ ने कहा कि सांस्कृतिक मंच का यह आयोजन अपने आप में विशिष्ट है। ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों में साहित्य एवं संस्कृति के प्रति रुचि जागृत करने तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अध्यक्षीय उद्बोधन में नरेंद्र पांसी ने सफल आयोजन के लिए मंच के अध्यक्ष एवं सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों की निरंतरता बनी रहनी चाहिए, ताकि शिक्षकों में अपनी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को विकसित करने की रुचि लगातार बनी रहे। बीएसी सरिता मोहनिया ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका संगीत शिक्षक हरिनारायण गंधर्व, हिंदी साहित्य के डॉ. राकेश राज शर्मा एवं भारती चौहान ने निभाई।
ये रहे प्रतियोगिता के विजेता
गीत गायन प्रतियोगिता — पुरुष वर्ग
– प्रथम — संजय खरे
– द्वितीय — सचिन मेहता
– तृतीय — राहुल श्रीवास्तव
गीत गायन प्रतियोगिता — महिला वर्ग
– प्रथम — खुशबू शर्मा
– द्वितीय — ममता शर्मा
कविता पाठ प्रतियोगिता
– प्रथम — शालिनी तिवारी
– द्वितीय — संजय खरे
– तृतीय — पंकज कुशवाहा एवं सत्यनारायण टेलर (संयुक्त)

विजेता शिक्षकों का मोतियों की माला पहनाकर स्वागत किया गया। मंच अध्यक्ष डॉ. रविंद्र उपाध्याय ने बताया कि सभी विजेता प्रतिभागियों को आगामी शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान निर्णायक डॉ. राकेश राज शर्मा एवं हरिनारायण गंधर्व ने भी अनौपचारिक रूप से मधुर गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में रंग जमा दिया।
अतिथियों का स्वागत डॉ. अंजुम खान, राजेश अवस्थी, देवेंद्र वाघेला, नरेंद्र जाट, जयेश शर्मा, पंकज कुशवाहा, खुशबू शर्मा, भारती चौहान एवं सत्यनारायण टेलर आदि ने किया।
इस अवसर पर रामकरण कनेरिया, सचिन मेहता, पंकज दोहरे, मुस्तकीम सिद्दीकी, मोहन सिंह चौहान, मथुरालाल पाटीदार, राजेश पाटीदार, मुकेश पारगी, ममता शर्मा, शालिनी तिवारी, संजय खरे, राहुल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंच अध्यक्ष डॉ. रविंद्र उपाध्याय ने किया तथा आभार डॉ. अंजुम खान ने व्यक्त किया।

👁️ 268 Views










