
Written by
Dilip Singh Gour Bureau
सैलाना। तीसरे सावन सोमवार के अवसर पर प्रयत्न जन कल्याण समिति सैलाना द्वारा भगवान महाकाल की भव्य शाही सवारी निकाली गई। शाही सवारी नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई केदारेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। शाही सवारी में पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला , पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौड़, पार्षद मंगलेश कसेरा, प्रशांत मांडोत, दिनेश सोनी तथा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।


पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत की मौजूदगी से युवाओं में खासा जोश देखने को मिला। गेहलोत युवाओं के साथ शिवभक्ति के रंग में नजर आए और उनके साथ भगवान महाकाल के जयकारे लगाते हुए शाही सवारी में शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारे गूंजते रहे।

श्रद्धालुओं की सेवा में जुटा भोले भक्त मित्र मंडल
पत्रकार संतोष धबाई ने बताया कि भोले भक्त मित्र मंडल, शिवगढ़ रोड द्वारा केदारेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी प्रसादी की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं को खिचड़ी खिलाकर समिति के सदस्यों ने सेवा का लाभ लिया। उन्होंने बताया कि यह सेवा कार्य पिछले कई वर्षों से निरंतर चल रहा है।

अलग-अलग अंचलों से पहुंचीं गावड़ और शाही सवारियां
तीसरे सावन सोमवार पर अलग-अलग अंचलों और गांवों से गावड़ एवं शाही सवारियां भगवान भोलेनाथ के दरबार केदारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचीं। श्रद्धालुओं के आगमन से पूरे दिन नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा। नगर में जगह-जगह बैंड-बाजों और डीजे साउंड की गूंज सुनाई देती रही।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु मोटरसाइकिलों और निजी वाहनों से भी केदारेश्वर महादेव के दर्शन करने पहुंचे। दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही से नगर और मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा। भगवान महादेव के जयकारों से पूरा सैलाना शिवमय नजर आया।
👁️ 84 Views










