
8 जिलों से पहुंचे करीब 250 किसान, उन्नत एवं व्यावसायिक पौधों की मिलेगी सुविधा
रतलाम / उज्जैन। ग्राम पंचायत पीपलखुटा में “परमानंद नेचुरल फार्म” हाईटेक नर्सरी के शुभारंभ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमजीएम प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर एवं सीईओ डॉ. बालचंद्र विश्वकर्मा, एमजीएम के मोटिवेशन स्पीकर महेंद्र सिंह राठौड़, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गणेश मुनिया, पीपलखुटा सरपंच रघुनाथ निनामा, भाजपा जिला महामंत्री एवं सरपंच ऋषिराज सिंह, बड़वानी से बादल शर्मा तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष के निजी सहायक ओम सेठिया सहित 8 जिलों से करीब 250 किसान उपस्थित रहे।

अतिथियों एवं किसानों की गरिमामयी उपस्थिति में परमानंद नेचुरल फार्म का विधिवत शुभारंभ किया गया। हाईटेक नर्सरी को क्षेत्र में आधुनिक कृषि और उन्नत पौध उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
नर्सरी में एमजीएम परिवार के सहयोग से किसानों को विभिन्न व्यावसायिक एवं उन्नत प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें अगरवुड, मैकाडामिया नट, कोकावा, मियाजाकी जापानी आम सहित अन्य उपयोगी पौधे शामिल हैं।

एमजीएम द्वारा रतलाम, हरदा, आष्टा एवं बड़वानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में कृषि एवं नर्सरी गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री, आधुनिक कृषि तकनीक और नई व्यावसायिक फसलों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में किसानों ने हाईटेक नर्सरी की पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र में आधुनिक एवं लाभकारी कृषि को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। आयोजकों ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पौधों और आधुनिक कृषि तकनीक की उपलब्धता से किसानों के लिए खेती में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।











